सोनिक। कानपुर लौटकर दही चौकी स्थित डिपो जाते समय रोडवेज बस के चालक की अचानक तबीयत बिगड़ गई। चलती बस अचानक अंनियंत्रित होने पर परिचालक ने किसी तरह स्टेयरिंग संभाली। सूचना पर पहुंचे एआरएम ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान मौत हो गई। डॉक्टर लू लगने या हार्ट फेल होने की संभावना जता रहे हैं।
बारासगवर थानाक्षेत्र के बारा गांव निवासी निर्मलेश उर्फ कल्लू कश्यप (55) रोडवेज में चालक था। रविवार शाम को वह ड्यूटी पर आया था। उसे कानपुर से लखनऊ रूट की बस दी गई थी। साथ में परिचालक आशीष वर्मा था। सोमवार दोपहर बाद निर्मलेश लखनऊ से सवारियां लेकर कानपुर गया था। वहां उसकी कुछ तबीयत बिगड़ी तो वह परिचालक के साथ बस लेकर उन्नाव वर्कशॉप लौट रहा था। शाम करीब छह बजे वह दही चौकी पहुंचा अचानक बेहोश हो गया। इससे बस हाईवे पर इधर-उधर भागने लगी।
परिचालक आशीष ने किसी तरह स्टेयरिंग संभाली और बस को रोका। परिचालक की सूचना एआरएम जीसी वर्मा पहुंचे और चालक निर्मलेश को अपनी कार से आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने भर्ती कर इलाज शुरू किया। करीब 15 मिनट बाद उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर के अनुसार लू लगने या हार्ट फेल होने से मौत होने की संभावना है। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों के अनुसार निर्मलेश को सुगर की बीमारी थी।
दही थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि चालक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह की पुष्टि हो सकेगी।