नवाबगंज में स्प्रिट की दुकान की जांच करते सीओ स्वतंत्र कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
अजगैन थाना क्षेत्र के कसबा नवाबगंज के मोहल्ला शीतलगंज में चार दिन पहले शराब पीकर घर पहुंचे दो सगे भाईयों में बड़े भाई की बुधवार सुबह तो छोटे की देर रात मौत हो गई। शीतलगंज में शराब पीने से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है।
शीतलगंज निवासी बउवा (45) व उसके छोटे भाई राजा (40) पुत्र शिवपाल की शराब पीने से शनिवार को हालत बिगड़ गई थी। परिजनों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह बउवा ने दम तोड़ दिया। हालत गंभीर होने पर राजा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गंभीर होने पर कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन बुधवार देर शाम राजा को लेकर कानपुर जा रहे थे कि उसकी भी मौत हो गई। परिजनों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही दोनों शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक राजा की पत्नी प्रेमा के अनुसार दोनों भाई शराब के लती थे। शराब पीने के बाद ही दोनों की हालत बिगड़ गई थी।
इसके पहले शीतलगंज मोहल्ले के ही शेरा(55) की भी शराब पीने से की मौत हो चुकी है। स्प्रिट मिली शराब पीकर भाईयों की मौत होने की सूचना पर हसनगंज सीओ स्वतंत्र कुमार ने नवाबगंज कसबा स्थित स्प्रिट की दुकान का निरीक्षण किया। यहां खरीद-बिक्री और स्टाक का रजिस्टर सही मिला। सीओ ने बताया कि पता लगाया जा रहा है कि कहीं चोरी छिपे स्प्रिट तो नहीं बेची जा रही है। मृतक के परिजनों से भी मुलाकात की थी लेकिन उन्होंने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। सीओ का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। हालांकि परिवार के लोग अत्यधिक शराब पीने से दोनों की मौत होने की बात कह रहे हैं।