मतमाए डीएम बोले, डामर लगाया है या काला तेल। उन्होंने अभी इसे उद्घाटन के लिए तैयार नहीं माना। मानकों में गड़बड़ी पर पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को सुधार न करने पर एफआईआर की चेतावनी भी दी। डीएम ने अगले छह दिन में रात-दिन काम कराने और निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए।
शनिवार सुबह करीब 12 बजे डीएम सुरेंद्र सिंह शहर में शेखपुर नहर के पास उन्नाव-शुक्लागंज फोरलेन के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान रोड के निर्माण कार्य में संबंधित अधिकारियों की ओर से बरती जा रही लापरवाही देख डीएम का पारा चढ़ गया और रोड के बीच बने डिवाइडर पर पड़े बिजली के पोलों को देख अफसरों को फटकार लगाई। डीएम ने रोड किनोर बन रहे साइकिल ट्रैक का भी कार्य देखा। इस दौरान जूते की रगड़ से उखड़ रही साइकिल ट्रैक की गिट्टियों को देख डीएम की त्योरी चढ़ गईं और अधिकारियों से बोले इसमें डामर डाला गया है या फिर काला तेल मिलाया है।
छह दिन में मानक के अनुरूप पूरा न कराने पर दर्ज होगी रिपोर्ट
कहा मानकों के अनुरूप काम करों नहीं तो एफआईआर की कार्रवाई करवा दूंगा। डीएम ने संबंधित अफसरों को निर्देशित किया कि चाहे 24 घंटे काम करना पड़े हर हाल में रोड को 28 अक्तूबर तक पूरा किया जाए। इसके साथ ही रोड के बीच में बने डिवाइडर के कई स्थानों पर टूटा देख उन्होंने कहा कि जहां भी डिवाइडर टूटा है उसे तत्काल दुरुस्त करवाया जाए। इसके बाद वह शुक्लागंज में निरीक्षण करने को रवाना हो गए। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने शहर स्थित भूरी देवी क्षेत्र में सफाई अभियान का भी निरीक्षण किया। वहां पर गंदगी मिलने पर संबंधित अफसरों को कड़ी चेतावनी दी।
रात दिन काम कर 28 तक करेंगे फोरलेन तैयार
इस बारे में लोक निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर सेंट्रल जोन कोमल प्रसाद ने कहा कि डीएम के निर्देश के अनुसार रोड का निर्माण हर हाल में 28 अक्तूबर तक पूरा करवाया जाएगा। चाहे इसमें रात दिन काम चालू रखना पड़े।
अतिक्रमणकारियों पर भी बिफरे डीएम
शहर के गांधी नगर तिराहे पर फैले अतिक्रमण को देख डीएम ने अतिक्रमणकारियों पर जमकर नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शाम तक सभी अतिक्रमणों को हटवा दिया जाए नहीं तो जिला प्रशासन इसे हटवाकर नीलाम करवा देगा।