जिले को विश्व में पर्यटक स्थल के रूप में पहचान दिलाने वाले नवाबगंज के चंद्रशेखर आजाद पंक्षी विहार में न्यूईयर को देखते हुए तैयारियों शनिवार को जोरों पर रहीं। राजधानी लखनऊ से मात्र 45 किलोमीटर की दूरी पर स्थित नवाबगंज पंक्षी विहार में ठंड के मौसम में विदेशी पक्षी बड़ी संख्या में आते हैं। इसे देखते हुए यहां पर पर्यटक भी आते हैं। नए साल पर यहां पर रौनक दिखाई दे रही है। करीब 224 हेक्टेयर में फैला पक्षी विहार वाइल्ड लाइफ प्रोक्टेक्शन एक्ट 1972 के अंतर्गत संरक्षित है। यहां अफगानिस्तान, चीन, मंगोलिया, यूरोप, लद्दाख आदि स्थानों से विदेशी पक्षी मेहमान के रूप में यहां आते हैं। इससे इस बार यहां न्यूईयर के मौके पर लोगों को इन मेहमानों को भी देखने का मौका मिलेगा। नए साल के मौके पर यहां के सुरखाब रेस्टोरेंट में भी विशेष व्यंजन भी तैयार करवाए हैं। रेस्टोरेंट मैनेजर संजीव सिंह ने बताया कि रेस्टोरेंट में आने वाले पर्यटकों के लिए हम सब वेलकम को तैयार है। इसमें इंडियन, साऊथ इंडियन, चाइनीज डिसों को तैयार किया गया है। वहीं पक्षी विहार में चिल्ड्रेन पार्क भी बच्चों के लिए तैयार है। यहां बच्चों के लिए इंडियन व चाइनीज झूलों को तैयार कर दिया गया है। जहां नववर्ष पर पर्यटक इन झूलों का आनंद लेंगे। इसके अलावा जिले के परियर स्थित जानकीकुंड भी पर्यटक स्थल के रूप में विख्यात है। यहां न्यू ईयर के मौके पर लोग पौराणिक स्थल के दर्शन के साथ ही पिकनिक भी मनाने पहुंचते हैं। इसके अलावा जिले के होटलों, गेस्टहाउसों व रेस्टोरेंट में न्यूईयर के मौके पर विशेष प्रकार के आयोजन किए गए हैं। जिनमें डीजे व आरकेस्ट्रा की धुनों पर नए साल की धूम मचाने की तैयारियां चलती रहीं।
30 रुपये का टिकट, आईडी कार्ड दिखाने पर मिलेगी इंट्री
नवाबगंज स्थित पक्षीविहार में पहुंचने वाले पर्यटकों को झील परिसर में घूमने के लिए 30 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से पर्यटन शुल्क देना होगा। वहीं विदेशी पर्यटकों के लिए यही टिकट 3 सौ रुपये का होगा। इसके अलावा पक्षी विहार में इंट्री करने के लिए आईडी कार्ड भी दिखाना होगा।
लखनऊ व कानपुर महानगरों में भी मनेगा नववर्ष
जिले के लोग जिले में स्थित पर्यटक स्थलों में तो न्यूईयर मनाने पहुुंचेंगे ही इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग जिले से जुड़े दो महानगरों लखनऊ व कानपुर में भी जशभन मनाने जा सकते हैं। इसमें लखनऊ के इमामबाड़ा, भूलभुलैया, अंबेडकर पार्क, गोमती रिवर प्वाइंट जैसे पिकनिक स्पाट हैं। जो जिले से 60 से 80 किमी की दूरी पर स्थित हैं। वहीं कानपुर के बिठूर, मोतीझील, जेके मंदिर, फूलबाग, कंपनीबाग सहित कई पिकनिक स्थल हैं जो जिले से 25 से 40 किमी की दूरी पर स्थित हैं।