स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनपदीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में 600 मीटर दौड़ में भाग लेती छात्राएं।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। परिषदीय स्कूलों की शुरू हुई जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता में पहले दिन अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। ट्रैक सही न होने के साथ बिना जूते के ही खिलाड़ी मार्च पास्ट में शामिल हो गए। खिलाड़ियों की हुई दौड़ में दो छात्राएं गश खाकर गिर पड़ीं। मेडिकल टीम के समय से न पहुंचने पर मौजूद स्टाफ ने उन्हें फर्स्ट एड दिया।
खेलकूद प्रतियोगिता की शुरुआत बालकों की 600 मीटर रेस से हुई। जिसमें सिकंदरपुर सरोसी ब्लॉक के छात्र संदीप प्रथम पुरवा के मोनू द्वितीय व हिलौली ब्लॉक के विपिन ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, 600 मीटर बालिका दौड़ में बिछिया ब्लाक की शालिनी प्रथम, फतेहपुर चौरासी ब्लाक की छात्रा संध्या द्वितीय व पुरवा ब्लाक की आंचल ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं बालकों की 200 मीटर रेस में बालक संवर्ग में करन ने प्रथम व बालिका वर्ग में फतेहपुर चौरासी की सुधा ने पहला स्थान हासिल किया। रेस के दौरान दो छात्राएं गश खाकर गिर गईं। मेडिकल टीम न होने से वहां मौजूद स्टाफ ने छात्राओं का फर्स्टएड इलाज किया। यहां कबड्डी, खो खो के साथ जूनियर बालकों की गोलाक्षेपण, लंबी कूद, अंत्याक्षरी प्रतियोगिताएं हुईं।
मुख्य अतिथि सभापति लेखा परीक्षा समिति तथा सदर विधायक पंकज गुप्ता ने मां सरस्वती के चित्र पर मार्ल्यापण करने के साथ गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रभारी बीएसए राकेश कुमार व बीईओ मुख्यालय अजीत निगम ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। परिषदीय स्कूलों के छात्रों ने स्वागत गीत के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन अवकाश प्राप्त शिक्षक प्रमोद मिश्रा व डॉ. प्रभात सिन्हा ने किया। मुख्य अतिथि को भारत चित्रांशी, विवेक तिवारी, सत्यदेव सिंह, विनय त्रिपाठी, विश्वजीत, शशांक मिश्रा, पुरुषोत्तम, मनोज श्रीवास्तव व गौरव ने प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता संपन्न कराने में जिला व्यायाम शिक्षिका अनीता वर्मा, क्रीड़ाधिकारी अनीता कनौजिया का अहम योगदान रहा।