बीमार बेटे को पीठ पर लादे वृद्ध पिता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सरोसी ब्लॉक के परमनी गांव निवासी ब्रजमोहन का बेटा मिथलेश (26) कई दिनों से बीमार है। शरीर पर दाने निकलने और बुखार आने पर वह पहले तो गांव में ही इलाज कराता रहा लेकिन फायदा न होने पर गुरुवार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। बेटे को रिक्शे से उतारने के बाद वह व्हील चेयर के लिए इमरजेंसी वार्ड गया तो वहां रखी एक व्हील चेयर को कर्मचारियों ने बाहर ले जाने से मना कर दिया। इसके बाद उसने वार्डों में तलाश की लेकिन उसे व्हील चेयर नहीं मिली। पर्चा बनवाने के बाद बुजुर्ग ने बेटे की पीट पर उठाया और कमरा नंबर 17 में बैठे डॉक्टर को दिखाया। दवा लेने के बाद उसने पीठ पर लाद लिया और अस्पताल से गया। हैरानी की बात यह है कि कुछ दिनों पहले पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने और पिछले सप्ताह स्टेट बैंक ने महिला और पुरुष अस्पताल को पांच-पांच व्हील चेयर दी थीं। सीएमएस डॉ. एसपी चौधरी ने बताया कि व्हील चेयर अस्पताल में हैं हो सकता है लोग अपने मरीजों के लिए लेकर गए हों।