उन्नाव जिले में मौरावां थानाक्षेत्र के गांव दरेहटा में चुनावी रंजिश में पूर्व प्रधान व निर्वाचित प्रधान चबूतरे पर बैठक को लेकर भिड़ गए। इस दौरान हुई फायरिंग में प्रधान के सीने और उनके चचेरे भाई के पैर में गोली लगी है। परिवार के अन्य दो सदस्यों को भी छर्रे लगे हैं।
प्रधान और उनके चचेरे भाई को सीएचसी से लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने पूर्व प्रधान व उसके साथियों पर हमले का आरोप लगाया है। दरहेटा गांव के नव निर्वाचित ग्राम प्रधान अवधेश कुमार चौरसिया (50) व पूर्व प्रधान वेद प्रकाश यादव के बीच गांव में देवी मंदिर के चबूतरे पर होेने वाली बैठक को लेकर कई दिनों से विवाद चल रहा था।
पूर्व प्रधान चबूतरे पर लोगों के बैठने पर एतराज कर रहे थे। जबकि निर्वाचित प्रधान ग्रामीणों का समर्थन कर रहे थे। रविवार देर शाम गांव के तमाम लोग चबूतरे पर बैठे थे। तभी निर्वाचित प्रधान अवधेश कुमार पारिवारिक सदस्यों व समर्थकों के साथ मिलने पहुंचे।
यह देखकर पूर्व प्रधान वेदप्रकाश यादव व उनके पक्ष के लोग गाली गलौज करते हुए हमलावर हो गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी दौरान पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने कई राउंड फायरिंग की। एक गोली ग्राम प्रधान के सीने में लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए।