रायबरेली से कानपुर की ओर जा रही मालगाड़ी में डीजल कम देख चालक ने ट्रेन को उन्नाव स्टेशन पर ही खड़ी कर दी और डीजल कम होेने की जानकारी अधिकारियों को दी। इसके करीब तीन घंटे बाद दूसरा पावर भेजकर ट्रेन को कानपुर रवाना किया। इस दौरान डाउन ट्रैक पूरी तरह से बाधित रहा।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े दस बजे एक मालगाड़ी रायबरेली से कानपुर की ओर जा रही थी। स्टेशन अधिकारियों ने लाइन क्लियर देख ट्रेन को हरी झंडी भी दे दी। लेकिन हरी झंडी होने के बाद भी जब चालक ने ट्रेन स्टेशन पर ही खड़ी कर दी तो सभी सकते में आ गए। अधिकारियोें ने चालक से जब ट्रेन रुकने की जानकारी ली तो उसने बताया कि ट्रेन के इंजन में डीजल काफी कम हो गया है और हो सकता है कि ट्रेन कानपुर तक न पहुंच सके।
इस पर अधिकारियों ने तुरंत ही लखनऊ को इसकी जानकारी दी। करीब तीन घंटे बाद अधिकारियों ने दूसरा पावर भेजा। इसके बाद ट्रेन को रवाना किया जा सका। इस दौरान प्लेटफार्म नंबर एक पूरी तरह से बाधित रहा और इस पर आने वाली ट्रेनों को दूसरे प्लेट फार्मों से गुजारा गया। स्टेशन अधीक्षक विश्राम की माने तो मालगाड़ी के इंजन में कुछ खराबी आ गई थी। दूसरा पावर मंगवाकर ट्रेन को रवाना कर दिया गया।