विकास भवन सभागार में अधिकारियों व विधायकों के साथ बैठक करती प्रभारीमंत्री कमलरानी वरूण और अल्पस
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शासन के विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों से संबंधित 18 बिंदुओं की समीक्षा बैठक में बिजली, पानी व सड़क समेत अन्य योजनाओं की प्रगति खराब मिलने पर जिले की प्रभारी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने योजनाओं की प्रगति में सुधार का अधिकारियों को अल्टीमेटम दिया। बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री मोहसिन रजा भी मौजूद रहे।
विकास भवन में आयोजित बैठक में प्रभारी मंत्री ने निराश्रित गोवंश के लिए गोआश्रय स्थल के निर्माण, आयुष्मान भारत योजना, राशनकार्ड, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खाद्यान क्रय, गन्ना मूल्य भुगतान व आईसीडीएस के साथ एक जनपद उत्पाद योजना आदि बिंदुआें पर चर्चा की। विभागीय कार्यों की समीक्षा में प्रगति ग्रेड नीचे होने के कारण नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रगति में सुधार करने की चेतावनी दी। अधिशासी अभियंता विद्युत को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शासन से निर्धारित विद्युत आपूर्ति तय समय सीमा के अनुसार दी जाए। आपूर्ति में जनपद के ग्रेड में सुधार के सख्त निर्देश दिए। वहीं, सड़क, पानी, प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण/शहरी, पेंशन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को गति बढ़ाने के आदेश दिए। मुख्य चिकित्साधिकारी को प्रत्येक सीएचसी पर मरीजों के लिए हर प्रकार की सुविधा मुहैया कराने को कहा।
दोटूक कहा कि किसी विभागीय योजनाओं की प्रगति धीमी हुई तो संबंधित अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे। अपर जिलाधिकारी को प्रत्येक माह अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने के निर्देश दिए। राज्यमंत्री ने शिक्षा गुणवत्ता पर जोर दिया। विधायक सदर पंकज गुप्ता ने सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए। विधायक मोहान बृजेश रावत ने नवाबगंज टोलप्लाजा के कर्मचारियों का सत्यापन कराने को कहा। कहा कि टोल प्लाजा पर एक के स्थान पर दो कैश लेन होनी चाहिए। एसपी विक्रांतवीर, सीडीओ डा. राजेश कुमार प्रजापति, एडीएम राकेश सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।