उन्नाव। जनपद में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप लगातार जारी है। सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में दो नए डेंगू और एक स्वाइन फ्लू मरीज की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है, जबकि स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या 12 पहुंच गई है।
सोमवार को सामने आए मामलों में सुमेरपुर ब्लॉक के खरही रामपुर निवासी एक 70 वर्षीय वृद्धा डेंगू से संक्रमित पाई गई हैं। उन्हें कई दिनों से बुखार था और परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। शुक्लागंज के गायत्री नगर मोहल्ला निवासी एक 19 वर्षीय किशोर भी डेंगू संक्रमण का शिकार हुआ है।
वहीं, नवाबगंज ब्लॉक के चक सोहरामऊ निवासी एक 68 वर्षीय बुजुर्ग में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। सांस लेने में परेशानी और बुखार से पीड़ित होने पर परिजन उन्हें लखनऊ ले गए थे। वहां एक निजी प्रयोगशाला की जांच में स्वाइन फ्लू संक्रमण का पता चला। डेंगू एडीज एजिप्टाई मच्छरों के काटने से फैलने वाली वायरल बीमारी है। बारिश के मौसम में मच्छरों की संख्या बढ़ने से इसके मामले भी बढ़ जाते हैं।
फिजीशियन डॉ. कौशलेंद्र प्रकाश ने संक्रामक बीमारियों से बचाव के उपाय बताए हैं। उन्होंने कहा कि डेंगू मच्छर के काटने से फैलता है, इसलिए लोगों को मच्छरों से बचाव करना चाहिए। लक्षणों के दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेना जरूरी है। स्वाइन फ्लू आमतौर पर संक्रमित व्यक्ति के खांसने और छींकने से फैलता है। ऐसे में मास्क का प्रयोग करने और भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी जा रही है।