संक्रामक रोगी बढ़ने से पैथोलॉजी में बढ़ी भीड़, मरीजों को सैंपल और रिपोर्ट के लिए लगाने पड़ रहे दो दिन चक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। बदलते मौसम में संक्रामक रोगों के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रोजाना 1200 मरीज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। अधिकांश मरीज बुखार, जुकाम, पेटदर्द, कमजोरी, डायरिया आदि के लक्षण वाले हैं।
इन मरीजों में करीब 200 लोग जांच कराने पैथोलॉजी आते हैं। रजिस्ट्रेशन के बाद, सैंपल और जांच होती है। इसके बाद सटीक इलाज शुरू होता है। लेकिन अस्पताल में संसाधन न होने से मरीजों को सैंपल देने व रिपोर्ट के लिए खासा इंतजार करना पड़ता है। शुक्रवार को 120 मरीजों के ही सैंपल लिए जा सके। रिपोर्ट देने के लिए अगले दिन बुलाया गया।
जिला अस्पताल की ओपीडी में संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों को डॉक्टर जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। इससे पैथोलॉजी में भीड़ हो रही है। रोजाना सुबह आठ बजे पैथोलॉजी में जांच के लिए मरीजों की लाइन लग जाती है। शुक्रवार को ओपीडी में डॉक्टर को दिखाने के बाद लगभग 180 मरीज जांच के लिए पैथोलाॅजी पहुंचे।
पहले रजिस्ट्रेशन कराने और सैंपल देने की होड़ में मरीजों और उनके तीमारदारों में कई बार धक्का-मुक्की और नोकझोंक भी हुई। लाइन में लगे 120 मरीजों का सैंपल लिया गया। अन्य मरीजों को अगले दिन बुलाया गया।
अस्पताल आए रुपऊ के नन्हके ने बताया कि कई दिन से बुखार आ रहा है। डॉक्टर ने जांच कराने की सलाह दी। नौ बजे से लाइन में लग गया था। नंबर आने के पहले ही समय खत्म हो गया। अब अगले दिन आने के लिए कहा गया है। बुखार पीड़ित कमलेश कुमारी ने बताया कि डॉक्टर ने जांच कराने की सलाह दी है, लेकिन समय खत्म हो जाने शनिवार को फिर आना पड़ेगा।
सीएमएस बोले
सीएमएस डॉ.आरए मिर्जा ने बताया कि भीड़ अधिक न हो इसके लिए रजिस्ट्रेशन और रिपोर्ट काउंटर अलग-अलग कर दिया गया है। अधिक से अधिक मरीजों की जांच कराने का प्रयास किया जा रहा है।