असोहा थाना क्षेत्र में किशोरी की संदिग्ध हलात में मौत होने पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : UNNAO
असोहा(उन्नाव)। थाना क्षेत्र के एक गांव में 17 वर्षीय किशोरी की शुक्रवार सुबह संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को खेत में जला दिया। पूर्व में किशोरी द्वारा पिता पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराने से ग्रामीणाें का पिता पर शक गहरा गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तबतक शव पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने किशोरी के पिता से थाने में पूछताछ कर रही है।
असोहा थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी की शुक्रवार सुबह घर में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार किशोरी के पिता को घबराया देखकर उस पर शक हुआ। उसने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को गांव के बाहर अपने खेत में ले जाकर आग लगा दी। जुलाई 2016 में इसी किशोरी (मृतका) द्वारा पिता पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने से ग्रामीणों का शक गहरा गया और उन्होंने डायल 112 पर घटना की जानकारी पुलिस को दे दी। पीआरवी 2933 के अलावा कार्यवाहक थाना प्रभारी बाडू यादव, एएसआई सर्वेश कुमार राणा और पुरवा कोतवाल के एन पांडेय मौके पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने तक शव पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने मृतक के पिता से पूछताछ की। उसने बताया कि बेटी लगभग 9 बजे घर में खाना पका रही थी। बताया कि वह पत्नी और बेटे के साथ गांव के बाहर आलू खोदने गया था। जब बेटा आलू लेकर घर आया तो बहन को घर में मृत पड़ा देख उसे जानकारी दी। घर पहुंचने पर उसने पड़ोसी गांव के डॉक्टर को बुलाया। डॉक्टर ने बेटी को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद शव का खेत में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी बाडू यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने डायल 112 पर सूचना दी कि पिता ने अपनी बेटी की हत्या कर दी और शव को जलाने खेत ले जा रहे हैं। खेत पहुंचने पर बेटी चिता मेें जलती हालत में मिली। लगभग पूरा शव जल चुका था। शक के आधार पर मृतका के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार मृतका की बड़ी बहन सिद्धार्थनगर में लेखपाल हैं। जबकि छोटा भाई गांव में ही रहता है। जुलाई 2016 में किशोरी ने पिता पर छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कार्यवाहक थाना प्रभारी बाडू यादव ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, जांच की जा रही है।