नवाबगंज(उन्नाव)। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा नवाबगंज के वार्ड सात के मदारीखेड़ा में घर में अकेले रह रहे अधेड़ का शव चारपाई पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी प्रकार का आरोप प्रत्यारोप न लगने पर परिजनों को शव अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया।
मदारीखेड़ा मोहल्ला निवासी संतोष शुक्ला (50) घर पर काफ ी समय से अकेले रहते थे। परिवार में इनकी बेटी शिवानी की शादी हो चुकी है। जबकि पत्नी मायादेवी अपने बेटे संदीप के साथ लुधियाना में रह रही थी। बेटा संदीप लुधियाना के वायुसेना स्टेशन में तैनात है। पड़ोसियों के मुताबिक, संतोष शुक्ला काफ ी समय से बीमार चल रहे थे। शनिवार शाम को मकान के आगे वाले हिस्से में रह रहे उनके भाई को कमरे से दुर्गंध आई। उठने पर जब खिड़की से देखा तो संतोष का शव चारपाई पर पड़ा दिखा। शव पर मक्खियां भिनभिना रही थीं। जिससे अनुमान लगाया गया कि संतोष की तीन से चार दिन पहले मौत हो चुकी थी।
लोगों के अनुसार, कई बार संतोष ने पड़ोसियों के मोबाइल फ ोन से बात कर बेटे व पत्नी को देखने की इच्छा जताई थी। परिवार के लोग अंतिम क्षण में नहीं पहुंच पाए। वहीं, संतोष पत्नी व बेटे को देखने की अधूरी हसरत लेकर इस दुनिया को छोड़ गए। वैसे क्षेत्रीय लोगों में संतोष के अकेले रहने को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी होती रहीं। बाद में पत्नी व बेटे भी घर पहुंचे। सूचना पाकर चौकी इंचार्ज जितेंद्र सिंह यादव ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। जांच में मौत संदिग्ध न लगने पर परिजनों से शव का जल्द अंतिम संस्कार करने की बात कहकर वापस आ गए।