उन्नाव जिले में बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के चकपीर नगर में किसान का शव खेत में बनी झोपड़ी में फंदे से लटका मिला। परिजनों के अनुसार चचेरे भाइयों से जमीन के विवाद के बाद उसने यह कदम उठाया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के चकपीर नगर गांव निवासी श्रवण कुमार (52) का सोमवार शाम को चचेरे भाइयों से घर के बाहर की जमीन को लेकर चले आ रहे पुराने विवाद में कहासुनी हुई थी। रात को वह गांव से करीब 200 मीटर दूर खेत में बनी झोपड़ी में सोने चला गया था। सुबह देर तक न लौटने पर पत्नी शशिकला पहुंची, तो पति का शव फंदे से लटका मिला।
परिजनों ने शव को फंदे से उतारा और सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के चार बेटे हैं और सभी दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। कोतवाल ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।