सोनिक। दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में काफी समय से बंद टेनरी की रखवाली करने वाला निजी सुरक्षा कर्मी मृत मिला। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
माखी थानाक्षेत्र के गांव रामसिंह खेड़ा निवासी सुखवीर सिंह (62) दही थानाक्षेत्र के औद्योगिक क्षेत्र साइड दो में कई साल से बंद क्रिसेंट टेनरी दो साल से गार्ड की नौकरी कर रहा था। मंगलवार रात को उसकी ड्यूटी थी। बुधवार सुबह दिन की ड्यूटी करने वाले सौरभ शुक्ला पहुंचे और गेट खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। काफी प्रयास करने के बाद भी गेट नहीं खोला तो फैक्टरी मालिक को सूचना दी।
दही थाना पुलिस गेट फांदकर अंदर पहुंची तो सुखवीर मृत मिला। उधर सुखवीर के सुबह आठ बजे तक घर न पहुंचने और फोन रिसीव न होने पर भतीजे अखिलेश ने टेनरी के आस पास पान विक्रेता को फोन किया तब घटना की जानकारी हुई। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया।
चर्चा यह भी है कि हो सकता है कि कोई चोरी या लूटपाट के इरादे से फैक्टरी में पहुंचा हो और विरोध करने पर पीटकर हत्या कर दी। पत्नी माया, बेटी शांति, मोनिका, बेटा विक्रम सहित सभी परिजन बेहाल हैं। थानाध्यक्ष अनुराग सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना की जांच की जा रही है।