चकलवंशी। घर से बिना बताए निकले पूर्व प्रधान के भाई का शव गांव के बाहर पेड़ में फंदे से लटका मिला। सुबह ग्रामीणों ने देखा तो परिजन और पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने अभी कोई आरोप नहीं लगाया है। वहीं ग्रामीणों में पारिवारिक विवाद की चर्चा है।
माखी थानाक्षेत्र के पावा गांव निवासी पंकज पाठक (38) फैक्टरी में मजदूरी करता था। वह अविवाहित था। शुक्रवार सुबह गांव से लगभग 200 मीटर दूर खेत में नीम के पेड़ में रस्सी के फंदे से उसका शव लटका मिला।
शव देख ग्रामीणों ने परिजनों व पुलिस को सूचना दी। मृतक के बड़े भाई व पूर्व प्रधान मनोज कुमार ने बताया कि गुरुवार को पंकज उन्नाव गणेश महोत्सव में शामिल होने गया था। शाम को लौटा और फिर करीब आठ बजे बिना बताए घर से निकला था और रात में नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह उसका शव फंदे से लटका मिला।
पावा पुलिस चौकी के दरोगा राजेश कुमार ने शुरुआती जांच के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। एक भाई नीरज की 12 साल पहले हत्या हो गई थी। थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने बताया कि परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
शव का पोस्टमार्टम पहले कराने की मांग को लेकर मृतक के कुछ परिजन पोस्टमार्टम कक्ष में घुस गए। लोग सफाईकर्मी आकाश से विवाद करने लगे। इस दौरान एक शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था। हंगामे पर फार्मासिस्ट सोहन सिंह पहुंचे तो हंगामा करने वालों में एक ने खुद को पत्रकार बताते हुए रौब गांठने की कोशिश की तो विवाद और बढ़ गया।
सफाईकर्मी ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल अश्वनी कुमार मिश्रा पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और जांच की। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली है। जांच चल रही है।