परियर। गांव के ही युवक के साथ काम करने वाले ट्रक क्लीनर की पंजाब में मौत हो गई। मृतक की मां ने गांव में ही रहने वाले ट्रक चालक पर हत्या का आरोप लगाया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के परियर निवासी मंगलू उर्फ गोलू (22) पुत्र भइया लाल 19 जुलाई को गांव के ट्रक चालक ताहिर के साथ क्लीनर का काम करने कानपुर गया था। अगले दिन फोन मिलाया तो वह बंद था। परिजनों ने 23 जुलाई तक उससे बात करने का प्रयास किया लेकिन नहीं हो सकी। उन्होंने ताहिर को फोन करके जानकारी करनी चाही तो उसने भी सही जवाब नहीं दिया। गोलू की मां गुड्डी ने 24 जुलाई को परियर चौकी में प्रार्थनापत्र दिया। पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। दो अगस्त को मां के फोन पर बेटे के शव की फोटो आई तो वह सन्न रह गईं।
मां और बहन की सूचना पर चौकी इंचार्ज दिनेश सिंह ने वहां के थाने से संपर्क कर जानकारी ली तो बताया गया कि गोलू 23 जुलाई को पंजाब प्रांत के बरनाला जिला के दनौला थाना क्षेत्र के मानापिंड गांव के पास खेत में बेहोश मिला था। ग्रामीणों ने सिविल अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान 24 जुलाई को उसकी मौत हो गई थी। अज्ञात में पुलिस ने 28 जुलाई को पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया। मां गुड्डी ने बताया कि चौकी पुलिस ने पंजाब जाने की सलाह देकर चलता कर दिया। अब मां व बहन न्याय की आस में भटक रही हैं लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही।