पोस्टमार्टम हाउस में गमगीन बैठे मृतका ज्योति के परिजन।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। शहर के गदनखेड़ा में महिला व बारासगवर में युवक का शव फंदे से लटका मिला। महिला की मौत पर मायके पक्ष के लोगों ने पति पर पहले बेल्ट से पीटने फिर फंदे से लटकाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम हाउस में भी परिजनों ने ससुरालियों को खरी-खोटी सुनाकर हंगामा किया। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
घटना-एक।
गदनखेड़ा नई बस्ती निवासी दीपू शर्मा ने 25 फरवरी 2014 को बीघापुर के बेहटाभवानी गांव निवासी रामचंद्र शर्मा की बेटी ज्योति 35 से कोर्ट मैरिज की थी। रविवार दोपहर ज्योति का शव फंदे से लटका मिला। पति के अनुसार वह दोस्त के निर्माणाधीन मकान को देखने गया था। दोपहर एक बजे घर लौटा तो पत्नी का शव फंदे से लटका देखा।
वहीं मृतका के पिता रामचंद्र के अनुसार उसका दामाद शादी के बाद से बेटी से मारपीट करता था। कई बार बेटी ने फोन पर जानकारी दी। रविवार को भी उसने पहले बेल्टों से पीटा। फिर बेसुध होने पर बेटी को फंदे से लटका दिया। पिता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
घटना- दो।
बारासगवर थाना क्षेत्र के गोसीखेड़ा गांव निवासी 18 वर्षीय मोहित का शव घर में छप्पर से लटका मिला। मोहित राजगीर मिस्त्री था। घटना के वक्त मां प्रेमा खेत में गेहूं देखने गई थी। परिजनों के अनुसार मोहित नशे का आदी था। पुलिस को तहरीर देकर परिजनाें ने उसके द्वारा फंदे से लटककर जान देने की तहरीर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी से मौत की पुष्टि हुई है।