उन्नाव। बाईपास स्थित पंडित दीनदयाल स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिलास्तरीय अंडर-14 क्रिकेट लीग का फाइनल मुकाबला डीसीए रेड और डीसीए ग्रीन के बीच खेला गया। इसमें डीसीए रेड ने 39 रनों से जीत हासिल की। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशांक शेखर सिंह ने विजेता और उप विजेता टीमों को सम्मानित किया।
बुधवार को लीग का फाइनल मुकाबला डीसीए रेड और डीसीए ग्रीन के बीच खेला गया। डीसीए रेड के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। निर्धारित 25 ओवर के मैच में डीसीए रेड ने आठ विकेट खोकर 157 रन बनाएं। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए ग्रीन की टीम के सभी खिलाड़ी 23.5 ओवर में 118 रन पर ही पवेलियन लौट गए।
डीसीए रेड ने फाइनल में जीत दर्ज कर ट्राफी अपने नाम की। विजेता और उपविजेता टीम को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शशांक शेखर सिंह और यूपीसीए के सचिव अरविंद कमल ने सम्मानित किया। तीसरे और चौथे नंबर रही टीम को कार्यवाहक अध्यक्ष संजय राठी, वीपी तिवारी और हाईकोर्ट अधिवक्ता ओपी तिवारी ने सम्मानित किया।
डीसीए महामंत्री पीके मिश्रा ने क्रिकेट प्रतियोगिताओं के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि से खेल मैदान की मांग की। इस पर उन्होंने डीसीए को क्रिकेट मैदान उपलब्ध कराने का वादा किया। उन्होंने कहा कि डीसीए उन्नाव के बच्चों की नई पौध तैयार कर रही है। इसके लिए एसोसिएशन के पदाधिकारी बधाई के पात्र हैं। इस दौरान विकास सिंह, अरुणा मिश्रा, डॉ. मनीता सिंह, जितेंद्र दीक्षित, अभिनव दीक्षित, नवीन सिन्हा, डॉ. संजीव सेंगर,ओम मिश्रा, राजेश चौधरी भी मौजूद रहे।