संवाद न्यूज एजेंसी
बीघापुर। गढ़ेवा के पास गंगा नदी पुल अप्रोच रोड पर दो महीने पहले बनाया गया वैकल्पिक मार्ग, फिर ध्वस्त होने की कगार पर है। गुरुवार सुबह पानी रास्ते के ऊपर से बहने लगा। इससे कटान शुरू हो गई। सूचना पर एसडीएम राजस्व टीम के साथ पहुंचे और मिट्टी डलवाकर सैलाब को खड़ंजा मार्ग पर आने से रोकवाया। हालांकि पानी और चढ़ा तो यह कवायद भी नाकाफी साबित होगी। मालूम हो कि मार्ग कटा तो बीघापुर-प्रयागराज हाईवे का संपर्क कट जाएगा।
तहसील क्षेत्र के गंगा कटरी इलाके में कानपुर प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचने के लिए गढ़ेवा के सामने गंगा नदी पर पुल बनाया गया था। गांव से पुल तक पहुंचने के लिए बना डामरीकृत संपर्क मार्ग तीन वर्ष पूर्व गंगा में आई बाढ़ व कटान के चलते बह गया था। दो माह पूर्व आवागमन के लिए कटान में बह गए डामर मार्ग के बगल में खेतों से खड़ंजे का वैकल्पिक मार्ग बना दिया गया था। लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर के चलते पहले मिट्टी की मेड़ बनाकर वैकल्पिक मार्ग पर पानी के प्रवाह को रोकने का प्रयास किया गया लेकिन गंगा के प्रवाह के आगे मिट्टी की मेड़ गुरुवार सुबह बह गई। जिससे वैकल्पिक मार्ग पर पानी का बहाव चालू हो गया। कानपुर से आने वाले बाइक व चार पहिया वाहन जान जोखिम में डालकर वैकल्पिक मार्ग से निकलते रहे।
वहीं क्षेत्र में होने वाली सब्जी को लेकर कानपुर जाने वाले किसान परेशान रहे। वैकल्पिक मार्ग पर पानी का बहाव चालू हो जाने की सूचना पर एसडीएम क्षितिज त्रिवेदी मौके पर पहुंचे और जेसीबी बुलवाकर वैकल्पिक मार्ग के किनारे पुन: मिट्टी की मोटी मेड़ बंधवाई। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता अखिलेश यादव, लेखपाल जय बहादुर, कोटेदार राम मिलन सिंह (गुड्डू) व प्रधान पति बैजनाथ लोधी मौजूद रहे।