भगवंतनगर (उन्नाव)। बीघापुर तहसील क्षेत्र के कई गांवों में रविवार रात ओले गिरने से गेहूं, लाही और अरहर की फसल को काफी नुकसान हुआ है। बारिश और ओले के साथ तेज हवा चलने से फसल गिर गई हैं।
बीघापुर तहसील के भगवंतनगर कसबा और उसके आसपास के गांव भईयाखेड़ा, पहाड़पुर, मनिकापुर, पुरंदरपुर, अकवारा, पतारी समेत कई गांवों में गेहूं, सरसों, अरहर समेत अन्य फसलों को काफी नुकसान हुआ है। बारिश और करीब बीस मिनट तक कंचे के आकार के ओले गिरने के बाद तेज हवा चलने से फसल गिर गई है।
किसान फलूचंद्र मिश्रा, वीरेंद्र सिंह राठौर, राजेंद्र, सधनलाल, मनोहर, रमाकांत, रामबली, ओमप्रकाश ने बताया ओले की चोट से फसलों की फली फूट गई हैं। इससे पैदावार गिरेगी वहीं फसल गिरने से वह खराब हो जाएगी। सोमवार को भी आसमान पर बादल छाए रहने और कई बार हल्की बूंदाबांदी होने से किसानों को डर है कि कहीं उनकी मेहनत पर पूरी तरह पानी न फिर जाए। हालांकि बीघापुर तहसीलदार हीरालाल सैनी का कहना है कि रविवार रात को हुई बारिश और ओले गिरने से अभी फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र के लेखपालों से मौका मुआयना कराया गया है। बताया कि जिन फसलों प्राकृतिक आपदा से तीस प्रतिशत या इससे अधिक नुकसान होता है तो उन्हें मुआवजा देने का प्रावधान है।शुक्लागंज प्रतिनिधि के अनुसार बारिश और तेज हवाओं से गेहूूं की फ सल को नुकसान हुआ है। गेहूं की बालियां जमीन पर गिर गई। कर्मी बिझलामऊ, डकारी, निहाल खेड़ा, शंकरपुर, देवारा, देवारा खुर्द, कन्हवापुर, मनभौना, फत्तेखेड़ा, रउतापुर, दलनारायणपुर, कंजौरा, मिर्जापुर, पिपरी, अगेहरा, लालूपुर, गंगौली, हाजीपुर आदि गांवों में गेहूं की फ सल को नुकसान हुआ है। किसान केशव, धन्ना, रजुआ, राम किशन, प्यारेलाल, सुखबीर ने बताया कि बारिश से फसल को नुकसान हुआ है।