उन्नाव। एटीएम मशीन में स्कीमर लगाकर कार्ड की क्लोनिंग करने वाले गिरोह से पूछताछ के स्थानीय पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद ले रही है। पकड़े गए युवकों ने अब तक क्लोनिंग के जरिए कितने रुपये हड़पे हैं इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। शनिवार रात एसपी व एएसपी ने दो बार युवकों से घंटों पूछताछ की।
केरल निवासी पांच युवकों को सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात गदनखेड़ा चौराहा से हिरासत में लिया था। युवकों के पास से एटीएम कार्ड में क्लोनिंग के लिए लगाई जाने वाली स्कीमर मशीन को पुलिस ने कार से बरामद किया था। कार से 20 से अधिक एटीएम कार्ड भी बरामद हुए थे। पूछताछ में युवकों ने स्कीमर के जरिए एटीएम कार्ड क्लोन कर खाते से रुपये निकालने की बात कबूल की थी। पुलिस को शक है कि जिन युवकों को पकड़ा गया है उनका गिरोह बड़ा है। ऐसे में उनके मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाया गया है। जिससे यह पता चल सके कि वह किन किन लोगों से संपर्क में थे। इसके अलावा उनके काम करने के तरीके को समझने के लिए लखनऊ की साइबर एक्सपर्ट टीम की भी मदद ली जा रही है। सीओ सिटी अरुण कुमार राय ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ पूरी होने के बाद दर्ज होगी रिपोर्ट
पुलिस ने जिन युवकों को पकड़ा है उनका नेटवर्क कहां तक फैला है इसके संबंध में पूछताछ की जा रही है। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
क्लोनिंग वाले कार्ड भी मिले
आरोपी युवकों के पास से पुलिस को दो ऐसे एटीएम कार्ड भी मिले हैं जिन्हें कुछ दिन पूर्व क्लोन किया गया था। हालांकि अभी इन कार्ड से रुपये नहीं निकाले गए हैं। पुलिस कार्ड की जांच कर रही है।