अचलगंज। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद के 115वें जन्म दिवस पर ग्राम बदरका में बुधवार से तीन दिवसीय कार्यक्रम शुरू होने जा रहे हैं। पहले दिन डीएम रवींद्र कुमार व एसपी आनंद कुलकर्णी मेले का शुभारंभ करेंगे।
दूसरे दिन 7 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष ह्नदयनारायण दीक्षित, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह समेत प्रदेश सरकार के कई मंत्रियों के आने की संभावना है। शहीद चंद्रशेखर आजाद स्मारक ट्रस्ट समिति के मंत्री राजेश शुक्ल ने बताया कि आजाद का जन्म दिवस राष्ट्र रक्षा दिवस के रूप में कोविड-19 के प्रावधानों के अनुसार ही मनाया जाएगा। पहले दिन बुधवार को बेसिक शिक्षा परिषद के तत्वावधान में आजाद बाल मेला के माध्यम से स्कूली बच्चों का कार्यक्रम होगा। 7 जनवरी को निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता होगी। समापन दिवस 8 जनवरी को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार प्रजापति द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करके किया जाएगा।