आसीवन थानाक्षेत्र के अजमत नगर स्थित वन विभाग के जंगल में युवक का शव रस्सी के फंदे से लटकता मिला। चरवाहों ने शव लटका देख सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
माखी थानाक्षेत्र के मिर्जापुर कला गांव निवासी सोनू (24) पुत्र लालताप्रसाद पाल का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर अजमतनगर स्थित वन विभाग के जंगल में रस्सी से फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मवेशी लेकर गए चरवाहों ने सोनू का शव रस्सी के फंदे से लटकता देख सूचना मिर्जापुर कला के प्रधान अनिल कुमार को दी। प्रधान ने मौके पर पहुंच युवक की शिनाख्त की। मां ऊषा के मुताबिक सोनू काफी दिनों से बीमार था।
इससे ऊबकर उसने आत्महत्या कर ली। मां के मुताबिक पिता एक दशक पहले ही घर छोड़कर चले गए और साधु हो गए। दोनों बेटे मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। किसी का विवाह नहीं हुआ है। आसीवन थानाध्यक्ष दिनेशचंद्र मिश्र ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने आत्महत्या की बात कही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर हकीकत सामने आएगी।