कानपुर-लखनऊ रेलमार्ग पर मगरवारा स्थित रेलवे क्रासिंग पर गुरुवार सुबह बाइक सवार दंपति गेट बंद होने के बाद भी निकलते लगे। तभी ट्रेन आ गई। ट्रेन को आते देख महिला ने पति व बच्चे को दूसरी तरफ धक्का दे दिया, जबकि खुद कट गई। गंगाघाट थाना क्षेत्र के गंगानगर सुंदर बगिया निवासी विजय साहू पत्नी रेनू और ढाई साल के बच्चे के साथ अवस्थीखेड़ा से गुरुवार सुबह बाइक से लौट रहा था। वह सुबह करीब साढ़े सात बजे मगरवारा रेलवे क्रासिंग पर पहुंचा। फाटक बंद देख वह फाटक के बगल में खाली जगह से बाइक निकालने लगा, जबकि उसकी पत्नी रेनू पैदल ही पटरी पार कर दूसरे छोर पर पहुंच गई। वह बीच पटरी पर पहुंचा था कि अचानक बाइक बंद हो गई। इसी बीच सामने से ट्रेन आती दिखी। ट्रेन देख रेनू दौड़ पड़ी। उसने पति व बच्चे को धक्का देकर दूसरी तरफ गिरा दिया और खुद लखनऊ से कानपुर जा रही एलकेएम पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर लगने से महिला के चीथड़े उड़ गए। बाइक भी कई टुकड़ों में बंट गई।