उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र के चांदमारी के निकट भाड़े के बहाने ट्रैक्टर ले जा रहे लुटेरों ने चालक को बेहोश कर ट्रैक्टर लूट ले गए। होश में आने के बाद चालक ने ट्रैक्टर मालिक को आपबीती सुनाई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। हड़हा गांव निवासी सुशील पुत्र फूलचंद्र गांव के ही ईंट भट्ठे का ट्रैक्टर चलाता है। सुशील के 15 जनवरी को सहयोगी विवेक के साथ सदर कोतवाली के मोहल्ला शिवनगर में श्यामबाबू के घर ईंट उतारने गया था।
यहां उसे तीन युवक मिले और माखी थाने के रऊ से अचलगंज तक भाड़ा ले जाने की बात कही। सुशील ने इसकी जानकारी ट्रैक्टर मालिक को दी तो उन्होंने मना किया। उसके बाद भी भाड़ा ले जाने के लिए राजी हो गया। सुशील के मुताबिक वह रऊ के लिए चला। चांदमारी के निकट जेल रोड के पीछे उन तीनों लुटेरों ने नाश्ता करने की बात कही। सभी ने एक होटल में नाश्ता किया। इससे चालक सुशील व साथ रहे श्यामबाबू के आंखों में धुंध सी छा गई और वह बेहोश हो गया। होश आने के बाद देखा तो ट्रैक्टर गायब था। चालक व उसका साथी भट्ठे पर आए और ट्रैक्टर मालिक को घटना की जानकारी दी। ट्रैक्टर मालिक उन्हें साथ लेकर कोतवाली आया और तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी आईपी सिंह के मुताबिक मामला संदिग्ध है। जांच की जा रही है।