भोर पहर सामान बिखरा देख घर के लोग अवाक रह गए। गृहस्वामी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने डाग स्क्वायड की मदद से काफी देर तक सुराग तलाशने की कोशिश की। खोजी कुत्ता यहां भी पुलिस को कोई सुराग नहीं दे सका। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के जगतनगर गांव निवासी रामजी पांडेय शुक्रवार रात परिवार के साथ सो रहे थे। मेन गेट में अंदर से कुंडी लगी देख चोरों ने किसी तरह कुंडी खोली और घर में दाखिल हो गए। घर के लोगों को गहरी नींद में सोया देख चोरों ने बड़ी चालाकी से कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ा और नकदी जेवरात समेत 8 लाख का माल बटोर ले गए। गृहस्वामी रामजी ने बताया कि भोर पहर उसकी पत्नी अनीता की नींद खुली तो कमरे का ताला टूटा व सामान बिखरा देख दंग रह गई। रामजी ने पुलिस को तहरीर देकर 21 हजार की नकदी व जेवरात समेत आठ लाख का माल चोरी होने की बात कही है। एसओ प्रदीप यादव ने सुराग तलाशने के लिए डाग स्क्वायड को बुलाया। खोजी कुत्ता घर के कमरों को सूघता हुआ बाहर की ओर भागा और बिल्हौर मार्ग से वापस घर पर जाकर रुक गया। इस घटना में भी खोजी कुत्ता पुलिस के लिए मददगार साबित नहीं हो सका। पीड़ित रामजी पांडेय की पत्नी अनीता रोजगार सेवक है। अनीता का कहना है कि जिस तरह से चोरों ने घटना को अंजाम दिया उससे किसी नजदीकी के शामिल होने की बात सामने आ रही है। उसका कहना है कि शाम को ही चोर घर के अंदर आकर बैठ गया और परिवारीजनों के सोने पर घटना को अंजाम दे दिया।
इंसेट
रसूलाबाद में भी तीन घरों से एक लाख का माल चोरी
आसीवन थाना क्षेत्र के रसूलाबाद कसबा के मोहल्ला शास्त्री नगर निवासी बाबूराम, सैय्यद व मोहल्ला देसाई नगर निवासी श्यामसुंदर के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। बाबूराम ने चार हजार नकदी, सोने की अंगूठी व पायल मिलाकर करीब 30 हजार का माल पार होने की बात कही है। सैय्यद के घर से चोरों ने पांच हजार नकदी, जेवरात व मोबाइल मिलाकर 30 हजार का माल पार किया। इसी तरह बाबूराम के घर धावा बोलकर चोरों ने 9 हजार रुपये, जेवरात व मोबाइल मिलाकर 40 हजार का माल पार कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस घटनाओं की जांच कर रही है।