- मौरावां पुलिस की गिरफ्त में आरोपी रामसनेही।
- फोटो : amarujala
मौरावां (उन्नाव)। मौरावां थानाक्षेत्र में एक बुजुर्ग ने वृद्ध पत्नी की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। वृद्ध को रुपयों की जरूरत थी। वह अपनी जमीन बेचना चाहता था। पहले ही छह बीघा जमीन बेच चुके बुजुर्ग पर पत्नी नजर रख रही थी। बेटे भी विरोध कर रहे थे। इसी से झल्लाए वृद्ध ने बुधवार रात विवाद के बाद पत्नी की सोते समय हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बेटे ने पिता के खिलाफ मां की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
मौरावां थानाक्षेत्र के संतबख्शखेड़ा गांव के मजरा चिलौली निवासी रामनसनेही यादव (75) ने बुधवार देर रात करीब दो बजे पत्नी रामजानकी (70) की सोते समय गोली मारकर हत्या कर दी। गोली चलने की आवाज सुनकर रामसनेही का बड़ा बेटा रामसागर मौके पर पहुंचा। पिता के हाथ में तमंचा और चारपाई पर मां का खून से लथपथ शव देख वह सन्न रह गया। उसने लाठी से पिता के हाथ पर वार किया। इससे तमंचा छूटकर दूर जा गिरा। बेटा पिता को पकड़कर शोर मचाने लगा। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस ने रात में ही रामसनेही को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया। एसपी हरीश कुमार ने बताया कि रामसनेही ने कुछ वर्षों के अंतराल में अपनी छह बीघा जमीन बेच दी है। अब करीब डेढ़ बीघा जमीन बची है। जमीन बिक्री के रुपये उसने पत्नी और बेटों को नहीं दिए। वह अब कुछ और जमीन बेचना चाहता था। इसकी भनक पर रामजानकी विरोध करते हुए पति पर नजर रख रही थीं। उसे घर से बाहर जाने से भी रोकती थीं। इसी को लेकर दोनों में विवाद होता था। बुधवार शाम को भी रामसनेही का पत्नी से विवाद हुआ था। रात को दोनों घर में अगल-बगल चारपाई पर लेटे थे। रात करीब दो बजे रामसनेही ने पत्नी पर तमंचे से ताबड़तोड़ दो फायर कर दिए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बेटे रामसागर ने पिता रामसनेही के खिलाफ अपनी मां की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
----------
इनसेट
औने पौने दाम में बेच देता था खेत
गोली मारकर पत्नी को मौत के घाट उतारने वाले रामसनेही यादव ने दो साल के अंदर औने पौने दामों में छह बीघा जमीन बेच डाली थी। जमीन बिक्री के रुपये न मिलने से रामजानकी से विवाद होता था। रामसनेही यादव का छोटा बेटा सुभाष माता-पिता के साथ रहता था। वह घटना के एक दिन पहले मंगलवार को दिल्ली गया था। बड़ा बेटा शादी के बाद पास में अलग घर बनाकर रह रहा था। पत्नी को अकेला पकर रामसनेही ने पत्नी के सीने में एक के बाद दो गोलियां दागकर मौत के घाट उतार दिया।
इनसेट
असलहा बनाने में जा चुका है जेल
मौरावां पुलिस ने अक्तूबर 2017 में संतबक्सखेड़ा में एक असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था। फैक्ट्री से पुलिस ने रामसनेही यादव व उसके साथी बनवारी लाल तिवारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इनसेट
साथी से मांग कर लाया था तमंचा
पुलिस की पूछताछ में रामसनेही ने बताया कि वह अपने साथी से तमंचा व दो कारतूस मांग कर लाया था। वह कई दिनों से तमंचे को घर में छिपाकर रखे था। मंगलवार को बेटे के दिल्ली जाते ही उसे घटना को अंजाम देने का मौका मिल गया। मौरावा थानाध्यक्ष मो. अशरफ ने बताया कि तमंचा व कारतूस मुहैया कराने वाले की तलाश की जा रही है।