ईदगाह कालोनी के कुछ युवक शिव बारात में शामिल होने के लिए शुक्रवार दोपहर करीब डेढ़ बजे डीजे साउंड पर गाते-बजाते निकल रहे थे। वे ईदगाह के पास पहुंचे थे कि कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया। नमाज का वक्त होने की बात कहते हुए साउंड बंद करने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद युवकों ने पथराव कर दिया। डीजे साउंड लेकर जा रहे लोडर समेत करीब दर्जनभर बाइकों में तोड़फोड़ की। पथराव होने पर शिव बारात में शामिल होने जा रहे लोग लोडर छोड़कर गलियों में दुबक गए। बवाल की सूचना पर एएसपी आरएस गौतम मय फोर्स मौके पर पहुंचे। घटना का पता चलते ही हिंदू संगठन के लोग भी भारी संख्या में मौके पर जमा होने लगे। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को ईदगाह की ओर जाने से रोक दिया। इसके बाद पथराव व तोड़फोड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हिंदू युवा वाहिनी के सैकड़ों कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए । वे नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कुछ देर बाद सदर विधायक पंकज गुप्ता भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। बाद में हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री रघुवंशमणि त्रिवेदी की तहरीर पर पुलिस ने दर्जन भर अज्ञात लोगों के खिलाफ शांति व्यवस्था भंग करते, पथराव करने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी ने बताया कि अगर दूसरे पक्ष से भी तहरीर मिलती है तो उनकी भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।