शहर के केवटा तालाब नई बस्ती में प्लाटिंग कर रहे लोग जमीन को अपनी बताकर जबरन कब्जा कर रहे हैं। इसे लेकर आए दिन बवाल, मारपीट और फायरिंग होती है। शुक्रवार को अधिवक्ता जगरूप वर्मा अपने प्लाट की नींव भरवा रहे थे। देर शाम करीब बीस लोग पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे दहशत फैल गई। इसपर मोहल्ले के लोग भी एकजुट हो गए तो हमलावरों ने पथराव भी किया। फायरिंग से नन्हक्के नाम के एक श्रमिक के सीने में छर्रे भी लगे। पीड़ित ने 100 नंबर पर सूचना दी तो पुलिस मौके पर पहुच गई। लेकिन सायरन की आवाज सुनकर हमलावर भाग निकले। लोगों ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल की मिलीभगत से प्रापर्टी डीलर कई दशकों से खाली पड़ी लोगों की जमीनों पर जबरन कब्जा करके बेच रहे हैं। लोग विरोध करते हैं तो जान से मारने की धमकी दी जाती है। कोतवाली प्रभारी इंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि जगरूप वर्मा की तहरीर पर विकास, अमरदीप, गौरव शुक्ला, दिलीप समेत बीस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ सिटी ह्रदयेश कुमार ने बताया कि कोई भी अगर किसी की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।