कोतवाली क्षेत्र के टीकरखुर्द गांव निवासी सत्यपाल के घर गुरुवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया। घर से पुलिस ने दो देशी बन्दूक, दो तमंचा 36 कारतूस व असलहा बनाने के उपकरण बरामद किए। घर के बाहर खड़ी एक बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। इंस्पेक्टर एके राय ने बताया कि पंजाब और जिले के अलग-अलग थानों में आरोपी सत्यपाल के विरुद्ध लूट के लगभग 15 मामले दर्ज हैं। अगस्त 2007 में आरोपी ने पुरवा के दलीगढ़ी गांव निवासी विंदा चौरसिया को लूट का शिकार बनाया था। सन् 2009 में आरोपी ने टीकरखुर्द गांव निवासी सुरेंद्र और मुकेश की हत्या की थी। जिसमें वह जेल गया था। जेल से छूटकर आने के बाद वह लूट की घटनाओं को अंजाम देने लगा। पंजाब में भी उसने लूट की कई घटनाओं को अंजाम दिया। कई माह से पंजाब पुसिल उसकी तलाश कर रही थी। आरोपी के विरुद्ध एक और मामला दर्ज किया गया है। उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।