स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टोहाना के हिसार रोड स्थित नीलम अस्पताल पर छापा मारा और क्लीनिक का रिकार्ड, दवाइयां और डिलीवरी के समय प्रयुक्त होने वाले औजारों को कब्जे में लेकर अस्पताल को सील कर दिया है। अस्पताल संचालक पर बिना लाइसेंस अस्पताल चलाने का आरोप है। इतना ही नहीं, इस अस्पताल को नीलम नामक एएनएम चला रही थी।
विभाग के अनुसार, उक्त अस्पताल एक महिला चिकित्सक सविना बंसल के नाम पर है। कार्रवाई के दौरान उक्त चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं थी। सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी और एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु ने बताया कि दवाइयों की जांच के लिए जिला ड्रग अधिकारी को सूचित किया गया है। वह शुक्रवार को आकर दवाइयों की जांच करेंगे। अगर दवाइयों में कोई प्रतिबंधित दवाई पाई गई तो अस्पताल संचालक के खिलाफ अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।
यूं हुआ मामले का खुलासा
इंदिरा कालोनी निवासी एक महिला उक्त एएनएम से दवाई ले रही थी। आरोप है कि नीलम की दी दवाई से उसका गर्भपात हो गया। इसके बाद वह टोहाना के नागरिक अस्पताल में दवाई लेने पहुंची तो सारे मामले का खुलासा हुआ। टोहाना एसएमओ ने इसकी सूचना सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी को दी, जिन्होंने इस मामले में कार्रवाई के आदेश देते हुए टीम का गठन किया।
इस टीम में रतिया एसएमओ डॉ. वीके जैन, एसएमओ डॉ. हरविंद्र सागु और डॉ. मीनाक्षी जिंदल शामिल थे। साथ में पुलिस भी रही। वीरवार सुबह क्लीनिक पर पहुंची टीम ने वहां तलाशी ली और दवाइयों को कब्जे में ले लिया। इसके अलावा एक अन्य कमरे में टीम को डिलीवरी के समय प्रयुक्त होने वाले औजार भी मिले। इन औजारों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया।
सीएमओ डॉ. अशोक चौधरी ने बताया कि मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया एक्ट के तहत पुलिस को शिकायत दी जाएगी। इसके बाद मामला कोर्ट में दिया जाएगा।