फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लापता छात्र का कुएं में मिला शव, हत्या का आरोप

विज्ञापन
बीघापुर के तिलक नगर में कुएं से लापता छात्र का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस। - फोटो : amarujala
विज्ञापन

विज्ञापन
बीघापुर। चार दिन पहले कालेज जाने के लिए निकला बीएससी का छात्र लापता हो गया। रविवार सुबह कुएं के पास खेल रहे बच्चों ने दुर्गंध आने पर झांककर देखा। तब उसमें शव पड़े होने की जानकारी हुई। पुलिस ने अग्निशमन जवानों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पिता ने बेटे की हत्या का अंदेशा जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कह रही है।
बीघापुर कस्बे के मोहल्ला तिलकनगर निवासी आरिफ (22) पुत्र जलालुद्दीन महाप्राण निराला डिग्री कालेज में बीएससी तृतीय वर्ष का छात्र था। 21 फरवरी को वह घर से कॉलेज में प्रयोगात्मक परीक्षा की जानकारी करने के लिए निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया। खोजने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। पिता जलालुद्दीन ने 22 फरवरी को बीघापुर थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने घटना को गंभीरता से नहीं लिया। रविवार सुबह गांव के कुछ बच्चे कुएं के पास खेल रहे थे। दुर्गंध आने पर उन्होंने कुएं में झांका तो पानी में शव उतराता दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर बीघापुर एसओ मनोज मिश्रा मौके पर पहुंचे। कुआं गहरा और शव कई दिन पुराना होने से पुलिस ने दमकल जवानों की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला गया। आरिफ का शव देख पिता व अन्य परिजन बेहाल हो गए। मृतक की जेब से कालेज का आईकार्ड मिला है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन

एसओ मनोज मिश्रा ने बताया कि शव कुएं में मिला है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। किसी का नाम नहीं लिया है। सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद  आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव के लोगों ने बताया कि आरिफ अक्सर कुएं के पास खड़ा होकर किसी से फोन पर बात किया करता था। बुधवार को भी लोगों ने आरिफ को कुएं के पास फोन पर बात करते हुए देखा था। आरिफ किससे बात करता था, इसकी जांच की जा रही है।
.................................
कॉलेज नहीं पहुंचा आरिफ
आरिफ के पिता जुलालुद्दीन ने बताया कि आरिफ  फोन से बात करते हुए घर से निकला था। वह कॉलेज नहीं पहुंचा। परिजनों ने खुद माना कि वह अक्सर मोबाइल से बात किया करता था। वह किससे बात करता था, इस बारे में परिजन भी नहीं बता पाए।  
...................................
मातम में बदलीं खुशियां
आरिफ की चचेरी बहन रईसुननिशा पुत्री इमामुद्दीन की रविवार को बारात आनी है। घर पर शादी की तैयारियां चल रही थीं। खुशी का माहौल था। आरिफ का शव मिलते ही खुशियां मातम में बदल गईं। रिश्तेदार घटनास्थल पर पहुंचे। देर शाम सादगी के साथ बारात आई। रस्में पूरी कर विदाई की गई।
विज्ञापन

.....................................
पांच भाई-बहनों में छोटा था मृतक
आरिफ पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। भाई नफीस व सोनू विदेश में रहते हैं। दो बहनाें की शादी हो चुकी है। पिता टेलरिंग का काम करते हैं। बेटे की मौत से मां नूरजहां के साथ ही अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें