शौच के लिए जा रही किशोरी को गांव के एक युवक ने डराकर अपने घर में बंधक बना लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। रात में जब किशोरी घर नहीं पहुंची तो उसके पिता ने ग्राम प्रधान को मामले की जानकारी दी। प्रधान के दबाव में युवक ने किसी से शिकायत ने करने व जान की धमकी देकर किशोरी को छोड़ दिया। मामला दबंग से जुड़ा होेने के कारण प्रधान ने मामला शांत करा दिया। अब घटना के आठ दिन बाद पीड़िता की मां ने बुधवार को आरोपी युवक पर दुष्कर्म और उसके पिता पर धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी 14 मार्च की सुबह शौच के लिए गई थी। रास्ते में उसे गांव का ही एक युवक मिला और जबरन उसे अपने घर ले जाने लगा। किशोरी ने जब इसका विरोध किया तो किशोरी को असलहा दिखाया और खींच ले गया। किशोरी का कहना है कि घटना के समय युवक का पिता भी घर पर मौजूद था। लेकिन उसने भी कोई विरोध नहीं किया। इतना ही नहीं पुलिस व घर वालों को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।
उधर जब काफी देर तक बेटी घर नहीं पहुंची तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जानकारी मिलने पर वह ग्राम प्रधान के पास पहुंची और आपबीती सुनाई। प्रधान की सक्रियता व ग्रामीणों की एकजुटता से किशोरी को बचाया जा सका। पीड़िता की मां की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ रेप व पास्को ऐक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया है। किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है।
कोतवाली प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की तहरीर पर पिता व पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। किशोरी को डाक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है। पिता व पुत्र की तलाश की जा रही है।