सोहरामऊ के सरवती गांव निवासी सोनू (25) का विवाह केसरीखेड़ा पुरवा निवासी मंजू से हुआ था। जानकारी के मुताबिक गुरुवार की सुबह पति-पत्नी में किसी बात को लेकर खटपट हुई थी। इसके बाद पत्नी मायके चली गई। पत्नी के बर्ताव से क्षुब्ध सोनू ने शाम को खाना भी खाया। परिजनों के पूछने पर वह टाल गया। दंपति के बीच झगडे़ की भनक परिवार के लोगों को नहीं लग पाई। गुरुवार की सुबह 10 बजे सोनू के माता-पिता बाराबंकी स्थित रज्जाक बाबा के दर्शन के लिए निकले थे। इधर, सास-ससुर के जाते ही मंजू भी मायके चले गई। पत्नी के मायके जाने के कुछ देर बाद सोनू ने घर के भीतर खुद पर केरोसिन डाल आग लगा ली। आग का गोल बना सोनू चीखते हुए बाहर की ओर भागा। आनन-फानन आसपास के लोगों ने जैसे-तैसे आग बुझाई और सीएचसी में भर्ती कराया। दूसरे दिन डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत से माता-पिता का बुराहाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।