सफीपुर। चालक के हाथ पैर बांधकर खंती में फेेेंकने के बाद लोडर लूट के मामले में पुलिस ने तीन लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इसमें दो लुटेरों को क्षेत्र के हुलासी कुआं के पास से पकड़ा गया। इस दौरान पुलिस से लुटेरों की मुठभेड़ हुई। टोकने पर लुटेरों ने टीम पर फायर झोंक दिया। हालांकि बाद में पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
पकड़े गए लुटेरों की निशानदेही पर पुलिस कन्नौज के तहसीबपुर गांव पहुंची, यहां तीसरे लुटेरे को लोडर सहित पकड़ा। तीनों पर चोरी व जानलेवा हमला करने का अभियोग दर्ज किया है। कोतवाली के दरौली गांव निवासी लोडर चालक जाकिर अली 10 मार्च को लोडर लेकर सफीपुर आ रहा था। रास्ते में चार लोगों ने उसे रोका और भाड़े के बहाने ले जाकर हफीजाबाद के पास लुटेरों ने जाकिर को मारपीट कर एक खंती में फेंक दिया था और लोडर लेकर भाग निकले थे।
लोडर चालक ने कोतवाली में चार लोगों पर अभियोग दर्ज कराया था। कोतवाली प्रभारी रणजीत सिंह भदौरिया के अनुसार शनिवार शाम हुलासीकुआं के पास चार संदिग्ध व्यक्ति खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर उसमें से दो युवकों को पकड़ा। पकड़े बदमाशों ने अपना नाम विष्णु निवासी सकहन राजपूतान व जावेद निवासी थाना बंथरा बताया।
लुटेरों ने लोडर लूटने की घटना स्वीकारी। लुटेरों ने बताया कि इस घटना में उनके साथ धोनी, गुडडू व लाखन निवासी गांव तहसीबपुर, कन्नौज भी शमिल था। रात में ही टीम के साथ कन्नौज पहुंचे और वीरेंद्र के घर पर छापेमारी की। पुलिस ने वीरेंद्र को घर से पकड़ने के साथ ही लोडर भी बरामद कर लिया, जबकि धोनी व गुड्डू फरार हैं।