माखी थानाक्षेत्र के टिकरा गांव निवासी तेजपाल (46) साथी रामसागर व गोपीखेड़ा निवासी राजेश के साथ सोमवार सुबह टिकरा गांव पुआल लेने गया था। सुबह करीब पांच बजे ट्रैक्टर में पुआल लादकर परियर जा रहे थे। राजेश ट्रैक्टर चला रहा था। भदनी ड्रेन के पास ट्रैक्टर खराब हो गया। राजेश ट्रैक्टर ठीक करने लगा, तभी उन्नाव से हरदोई की ओर जा रहा डंपर चालक घना कोहरा होने से सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर को देख नहीं पाया और भिड़ गया। तेज टक्कर लगने से ट्रैैक्टर-ट्राली व डंपर खंती में गिर गए। ट्रैक्टर के पास ही खड़ा तेजपाल उसी के नीचे दब गया। हादसे में राजेश के साथी व डंपर चालक पुष्पेंद्र घायल हो गए। राहगीरों ने यूपी 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। माखी थानाध्यक्ष अरविंद सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भेजा।