अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। फैक्ट्री से घर जाते समय साइकिल सवार श्रमिक की हाईवे पर वाहन से कुचलकर मौत हो गई। गुरुवार शाम पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन व अन्य लोग शव लेकर फैक्ट्री गेट पर पहुंचे। यह पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग करने के साथ ही हंगामा करने लगे। उग्र प्रदर्शन और हाईवे जाम करने की आशंका से कई थानों की फोर्स के साथ सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी मौके पर पहुंचे। फैक्ट्री प्रबंधन केवल एक लाख रुपये मुआवजा देने को तैयार हुआ। इससे हंगामा और बढ़ गया। शाम करीब तीन बजे से शुरू हुआ हंगामा रात 8:30 बजे के बाद तक जारी रहा। परिजन पांच लाख रुपये मुआवजे पर अड़े थे।
अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव नंदौली जमुका निवासी दिनेश पाल (40) दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित मिर्जा इंटर नेशनल फैक्ट्री में श्रमिक था। बुधवार रात की शिफ्ट करने के बाद रात करीब दो बजे वह फैक्ट्री से निकल कर सामने हाईवे पर पहुंचा। तभी किसी वाहन ने उसे रौंद दिया। साथी श्रमिक उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। गुरुवार शाम करीब तीन बजे पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन शव लेकर फैक्ट्री गेट पहुंचे। यह पांच लाख रुपये मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। फैक्ट्री प्रबंधन ने एक लाख रुपये आर्थिक मदद का भरोसा दिया। इनका कहना था कि श्रमिक की मौत फैक्ट्री के बाहर घर जाते समय हुई है। इस पर परिजन भड़क गए। हंगामे की सूचना पर शहर कोतवाल अरविंद सिंह पहुंचे। इन्होंने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। वह अपनी मांग पर अड़े रहे। मामला बढ़ता देख सीओ सिटी के निर्देश पर तीन थानों की फोर्स और पीएसी पहुंच गई। सीओ सिटी स्वतंत्रदेव सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट रामप्रसाद भी पहुंच गए। दोनों अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से वार्ता की। इन्हें सफलता नहीं मिली।
आग से दो बीघा गेहूं की फसल जली
बीघापुर। बीघापुर तहसील क्षेत्र में दो जगह खेतों में आग लगने से दो बीघा गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
बीघापुर थानाक्षेत्र के गांव इंदेमऊ में बच्चों ने खेल-खेल में महुआ के पेड़ के नीचे पड़े पत्तों में आग लगा दी। आग से उठी चिंगारी पास में ही गेहूं के खेत में पहुंच गई। इससे जयराम सिंह पुत्र सुखराज की एक बीघा फसल जल गई। गांव के लोगों ने आग पर काबू पाया। दूसरी घटना में बारासगवर थानाक्षेत्र के भोला सिंह पुत्र नवाब सिंह के खेत शार्ट सर्किट से आग लग गई। आग से एक बीघा फसल जल गई।