पुरवा कोतवाली क्षेत्र के बिछिया गांव निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य अवधेश सिंह यादव धान के थोक व्यापारी हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे जीप से शहर के रोडवेज बस स्टॉप के पास स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे। गांव का ही रामगुलाम जीप चला रहा था। बैंक से पांच लाख रुपये निकालने के बाद अवधेश बाहर निकले। कुछ दूर ही पहुंचे थे कि गाड़ी पंचर हो गई। चालक, रोडवेज बस स्टेशन पर जीप खड़ी कर पहिया बदलने लगा। अवधेश गाड़ी से उतरे और पेशाब करने के लिए स्टेशन परिसर में बने शौचालय में चले गए। इसी बीच चोरों ने जीप में रखा रुपयों भरा बैग पार कर दिया। अवधेश वापस लौटे तो घटना की जानकारी हुई। उन्होंने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस बैंक के बाहर से ही कुछ संदिग्ध लोगों को उठाकर कोतवाली ले आई। इनसे पूछताछ की जा रही है। पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बैंक के बाहर ही पांच लाख रुपयों की चोरी पर बैंककर्मी भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते रहे।