उन्नाव। शहर के मोहल्ला छिपियाना में रंगबाजी कायम करने को लेकर फायरिंग से शनिवार रात सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछा कर एक युवक को देसी पिस्टल और तमंचा समेत गिरफ्तार किया है।
शहर को मोहल्ला छिपियाना में रंगबाजी कायम करने को लेकर दो पक्षों में काफी दिनों से तनातनी चल रही थी। शनिवार रात करीब ग्यारह बजे एक युवक ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना पर किला पुलिस चौकी इंचार्ज अब्दुल मन्नान और कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी मौके पर पहुंचे और काफी दूर तक पीछा करने के बाद फायरिंग करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने अपना नाम जेरधुस मोहल्ला निवासी सुल्तान शेख बताया। पुलिस ने उसके पास से एक देसी पिस्टल और एक तमंचा बरामद किया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।