कर्नलगंज इलाके के ढरहरिया मुहल्ले में रविवार शाम एनी बेसेंट स्कूल में आधार कार्ड बनाए जाने के दौरान बवाल हो गया। छात्रों ने हंगामा किया तो मुहल्ले के एक युवक ने तमंचे से कई फायर कर दिए। वहां मारपीट होने लगी तो खबर पाकर पहुंची पुलिस ने फायरिंग करने वाले युवक को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया। गुस्साए छात्रों ने पुलिस कब्जे से युवक को छुड़ाने की कोशिश की और विरोध पर पथराव करते हुए एनी बेसेंट चौकी के सामने चक्काजाम कर दिया। खबर पाकर पहुंचे पुलिस अफसरों ने ने छात्रों से तहरीर लेकर उन्हें समझा-बुझाकर वहां से हटाया।
एनी बेसेंट स्कूल में रविवार को आधार कार्ड बनाया जा रहा था। वहां छात्रों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी थी। शाम करीब पांच बजे छात्रों ने आधार कार्ड के लिए हंगामा शुरू कर दिया। वहां मारपीट होने लगी। इसी बीच मुहल्ले के एक युवक पवन मिश्रा ने मारपीट कर रहे छात्रों की तरफ तमंचा तानकर तीन-चार फायर कर दिए। फायरिंग से वहां खलबली मच गई। बवाल बढ़ने लगा तो खबर पाकर कर्नलगंज थाने की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने फायरिंग करने वाले पवन मिश्रा को गिरफ्तार कर तमंचा जब्त कर लिया। उसे पुलिसवाले एनी बेसेंट चौकी ले गए तो पीछे से छात्रों का हुजूम पहुंच गया। वे हमलावर को सौंपने की मांग करने लगे। पुलिस ने इनकार किया तो छात्रों ने चौकी पर पथराव कर दिया। चौकी के सामने बड़े पत्थर रखकर चक्काजाम कर दिया।
खबर पाकर कर्नलगंज थाना प्रभारी संगम मिश्रा के साथ सीओ वीरेंद्र कुमार पहुंच गए। फिर एसपी सिटी राजेश यादव भी र्कई थानों की पुलिस के साथ पहुंच गए। भारी पुलिस बल पहुंचने पर छात्र शांत हुए तो अफसरों ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर समझाया। पुलिस ने तो कातिलाना हमले की तहरीर भी मांगी लेकिन छात्रों की ओर से फायरिंग की अर्जी दी गई। सीओ कर्नलगंज वीरेंद्र कुमार ने बताया कि तमंचा के साथ पकड़े गए पवन मिश्रा के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत केस लिखा गया है। बवाल के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई।