उन्नाव। हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के नबीनगर गांव में 45 वर्षीय किसान की पिटाई के बाद गोली मारकर हत्या कर दी गई। पेट व गर्दन में गोली लगने के निशान मिले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस तफ्तीश में जुटी है। एसपी भी मौके पर पहुंच रहे हैं।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के नबीनगर गांव निवासी रामसुमिरन (45) पुत्र रामजियावन सोमवार दोपहर गांव के बाहर बटाई पर ली गई बाग गया था। देर रात तक वापस न लौटने पर भाई रामू खोजते हुए 10:30 बजे पहुंचा तो चचेरे भाई संतोष की बाग में भाई रामसुमिरन का खून से लथपथ शव मिला। सूचना पर परिजनों व ग्रामीणों का मजमा लग गया। जानकारी पर हसनगंज एसओ धर्मवीर सिंह फोर्स के साथ पहुंचे और तफ्तीश शुरू की। भाई रामू ने अपने चचेरे भाई पर हत्या का शक जताया है। मृतक के भाई रामू ने पुलिस को बताया कि रामसुमिरन ने चचेरे संतोष की बाग की फसल बटाई पर ली थी। कुछ दिनों से फसल बंटवारे को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। दोपहर को चचेरा भाई संतोष ही रामसुमिर को बुलाकर ले गया था। पुलिस ने आरोपी का पता लगाया तो वह नहीं मिला। एसओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। एसपी एमपी वर्मा ने बताया कि वह घटना स्थल पर पहुंच रहे हैं।