हाईवे स्थित ढाबे पर भोजन करने के बाद रुपये मांगने पर युवक और उसके साथियों ने जमकर उत्पात मचाया। खुद को गोमती नगर लखनऊ का कोतवाल बताने वाले युवक ने ढाबा संचालक के बेटे को पीटा और तोड़फोड़ भी की। करीब आधा घंटे तक हंगामा करने के बाद सभी कार से भाग निकले। तमंचे की बट मारने से घायल ढाबा संचालक के बेटे ने सदर कोतवाली में तहरीर दी है।
सदर कोतवाली के शिवसिंह खेड़ा निवासी मघई यादव का लखनऊ कानपुर हाईवे पर शेखपुर नरी स्थित ढाबे संचालक मघई यादवा का बेटा विनीत यादव शुक्रवार ढाबे पर था। विनीत के मुताबिक रात करीब दो बजे कार सवार चार युवक ढाबे पर आए। उसके मुताबिक उन युवकों के साथ दो युवतियां भी थी। विनीत के अनुसार खाना आर्डर करने वाले युवक ने खुद को लखनऊ के गोमती नगर थाने का इंचार्ज बताया।
खाने के बाद सभी भोजन का 700 रुपये दिए बगैर ही जाने लगे। उसने टोका तो एक युवक ने मारपीट शुरू कर दी। विरोध किया तो उसके अन्य साथी भी आ गए और एक युवक ने उसके सिर पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। आरोप है कि युवतियों ने भी होटल में तोड़फोड़ की। मारपीट के बाद सभी कार में बैठकर भाग निकले। यूपी 100 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच करके लौट गई।
शनिवार सुबह पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी। इसके बाद हलका इंचार्ज अजय कुमार सिंह ने घटना स्थल की जांच की। उन्होंने बताया कि सीसी टीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
चर्चा में रहता है जनता ढाबा
लखनऊ कानपुर राजमार्ग स्थित जनता ढाबा अकसर सुर्खियों में रहता है। तीन माह पूर्व ही पुलिस ने ढाबा में रेड डाल आपत्तिजनक हालात में दो युवतियों को पकड़ा था। इस मामले में पुलिस ने ढाबा संचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।