थानाक्षेत्र के चार गांव में चोरों ने पांच घरों को निशाना बनाया और लाखों की नगदी समेत हजारों का माल चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह जब परिजन सोकर उठे तो उन्होंने सामान बिखरा देखा। पीड़िताें ने इसकी सूचना थाने में देने के बाद चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
दरियाखेड़ा गांव में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। विष्णु नारायण अवस्थी के यहां चोर छत के रास्ते घर के अंदर घुसे। कमरे की कुंडी तोड़कर अलमारी में रखे लगभग पांच लाख के जेवर ले गए। वहीं बक्से में बीस हजार रुपये की नगदी भी पार की। घटना के समय परिजन बाहर के कमरे में सो रहे थे। यहां के बाद चोर पड़ोस में रहने वाले पंकज तिवारी के यहां अलमारी का ताला तोड़कर तीन लाख के जेवर व नब्बे हजार की नगदी ले गए। सुबह जब लोग उठे तो घर का सामान बिखरा देखा। तब उन्हें मामले की जानकारी हुई।
विज्ञापन
इसी थानाक्षेत्र के नेवाजखेड़ा गांव निवासी चंद्रपाल के यहां भी चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर दो लाख के जेवर व बीस हजार की नगदी ले गए। सहरावां गांव निवासी रामचंद्र के यहां भी चोर छत के रास्ते से घर में घुसे। रामचंद्र ने बताया कि वह घटना के समय वह घर के बाहर बरामदे में सो रहे थे। घर के अन्य सदस्य एक रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। खटपट की आवाज सुन वह घर के अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर भाग निकले।
हिनौरा गांव निवासी शेषमणि के यहां भी चोरों ने चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। खटपट की आवाज सुन सभी लाठियां लेकर छत पर पहुंच गए। इस पर चोर मौके से भाग निकले। ग्रामीणों का कहना है कि अब पुलिस तो कुछ नहीं कर सकती हम सभी रात में जागकर चोरों को पकड़ने का प्रयास करेंगे। सोहरामऊ थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि दो घटनाओं की तहरीर आई हैं। जल्द ही चोरियों का खुलासा किया जाएगा।