बारासगवर थाना क्षेत्र के लालगंज द्वितीय पोस्ट बारा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार (40) व नरेंद (35) की गांव से करीब चार किमी दूर टेढ़ा में ज्वेलरी की दुकान है। शुक्रवार देर शाम दोनो भाई दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। नरेंद्र बाइक चला रहा था, जबकि सुरेंद्र पीछे बैठे थे। वे दुकान से करीब एक किमी दूर ओसियां मार्ग पर भवानीखेड़ा गांव के पास सूनसान स्थान पर पहुंचे थे कि एक बाइक पर तीन बदमाश आए। अनहोनी की आशंका पर नरेंद्र ने बाइक तेज कर दी। इस पर बदमाशों फायर झोंक दिया। हाथ में गोली लगते ही नरेंद्र बाइक लेकर गिर पड़ा। दोनोें के गिरने पर बदमाशों ने कई फायर किए। इससे दोनों भाइयों के चेहरे व सिर में भी कई छर्रे लगे। इसके बाद बदमाश जेवर-नगदी भरा बैग लूटकर टेढ़ा की ओर भाग निकले। इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कराई, लेकिन बदमाशोें का सुराग नहीं मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख चिकित्सक ने कानपुर रेफर कर दिया। नरेंद्र ने बताया कि बैग में 800 ग्राम सोना, चार किलो चांदी व 1.5 लाख रुपये थे। कुल मिलाकर करीब 30 लाख की लूट हुई है। एसपी नेहा पांडेय ने बताया मामले की जांच की जा रही है। सोना-चांदी कितना था, इस बारे में भी पड़ताल की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है।