लखनऊ के मोहल्ला ऐशबाग निवासी सूर्यपाल (65) ने बेटी सीमा की शादी हरदोई के गोवर्धनपुर मल्लावां में तय की थी। बुधवार को तिलक था। सुबह रिश्तेदारों के साथ सूर्यपाल कार से मल्लावां के लिए रवाना हुए। दोपहर एक बजे हरदोई-उन्नाव मार्ग पर रघुरामपुर पुलिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने कार में टक्कर मार दी। इससे कार के परखचे उड़ गए। कार में बैठे सूर्यपाल समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना देकर कार में फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। इस बीच आए चौकी प्रभारी हसीब अहमद ने घायलों को बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने सूर्यपाल को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में रिश्तेदार अनूप कुमार (34) पुत्र पंकज कुमार निवासी सदुल्ला नगर बंथरा लखनऊ, कैमरामैन राजेश (36) पुत्र संतलाल निवासी लालकुंआ समदल केसरबाग लखनऊ, अवधेश निवासी सी ब्लॉक नंबर एक दारुलसफा लखनऊ, राजेश (32) पुत्र जयराम इंदिरा नगर लखनऊ व एक अन्य हैं। हालत बिगड़ने पर इन्हें सीएचसी से जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया। वहां पहुंचे परिजन इन्हें लखनऊ के ट्रामा सेंटर ले गए।
उधर, शादी की खुशी में झूम रहे परिवार को जैसे ही हादसे में मुखिया की मौत की जानकारी मिली, घर में मातम पसर गया। सभी लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने लगे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। चालक भाग निकला।
इनसेट-
फूल कारोबारी थे सूर्यपाल
गंजमुरादाबाद (उन्नाव)। सड़क हादसे का शिकार हुए सूर्यपाल फूलों का थोक कारोबार करते थे। बड़ी बेटी की शादी करने के बाद वह छोटी को भी अपने रहते विदा करना चाहते थे। अच्छा रिश्ता देखकर उन्होंने बेटी की शादी तय कर दी। 16 अप्रैल को शादी थी। बुधवार सुबह सड़क हादसे ने परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। बेटी के हाथ पीले करने का सपना-सपना बनकर रह गया। वृद्ध पिता की मौत से बेटी तो जैसे सुधबुध खो बैठी है।