सफीपुर। कानपुर के एक युवक ने अपने साथी की मदद से सफीपुर कोतवाली के एक गांव से किशोरी को अगवा कर लिया। पीड़ित पिता को जब जानकारी हुई तो वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा। जहां पुलिस ने खुद ही तलाश करने की बात कह उसे टरका दिया। पिता ने कार्रवाई के लिए एसपी को तहरीर दी। जिसके बाद पुलिस ने किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी पिता ने बताया कि 12 अप्रैल को कानपुर छावनी निवासी विक्रम उसकी 17 वर्षीय बेटी को घर से अगवा कर ले गया था। इस काम में उसके दोस्त राजेश ने उसकी मदद की थी। घटना के वक्त वह घर से बाहर था। वह जब घर पहुंचा तो बेटी गायब मिली। पड़ोसियों ने उसे पूरे मामले की जानकारी दी। जिस पर वह शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा।
हालांकि पुलिस ने उसे टरका दिया। बेटी का पता न चलने पर उसने एसपी को शिकायती पत्र दिया। एसपी एमपी वर्मा के आदेश पर सोमवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ किशोरी को बहला फुसलाकर ले जाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल अशोक पांडेय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अगवा करने का आरोप गलत है। मामले की जांच की जा रही है।