उन्नाव। अलग-अलग जगह हुई सड़क दुर्घटनाओं में किसान की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने किसान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घायलों को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
असोहा थाना क्षेत्र के तेजीखेड़ा में सोहरामऊ थानाक्षेत्र के जैतीपुर से रामखेलावन के लड़के की बरात आई थी। बरात मेें शामिल होने पुरवा थानाक्षेत्र के मझिगवां सदकू निवासी लालू (55) पुत्र सूरज अपने बेटे विपिन के साथ बाइक से जा रहे थे। जंगलीखेड़ा नहर पुल के पास बाइक खड़ी कर तेजीखेड़ा का रास्ता पूछने के लिए लालू सड़क पार करने लगे। तभी भल्लाफ ार्म की ओर से आ रहे वैन ने टक्कर मार दी। लालू वैन में ही फं स गए और लगभग एक किमी तक घिसटते चले गए।
बेटे विपिन ने वैन का पीछा किया। एक किमी दूर पिता सड़क पर पड़े मिले और वैन सवार मौके से भाग निकला। विपिन ने 100 नंबर डायल कर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही लालू की मौत हो गई। विपिन की तहरीर पर पुलिस ने मौके से मिली नंबर प्लेट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगटापुर निवासी गंगा सागर पुत्र रामभरोसे गुप्ता गांव के बाहर हरदोई-उन्नाव मार्ग पर महमदाबाद कलवारी की मोड़ पर पान की दुकान चलाते है। मंगलवार देर शाम करीब 8 बजे वह दुकान बंद करके घर जा रहा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया।
राहगीरों ने उसे बांगरमऊ के सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफ र कर दिया है। कोतवाली क्षेत्र के गांव मेदपुर निवासी संदीप (25) पुत्र राजेंद्र बाइक से रायपुर टेलीविजन लेने जा रहा था। मंगतखेड़ा-कांथा मार्ग पर सामने से आ रहे लोडर ने टक्कर मारकर घायल कर दिया।