उन्नाव। मांखी थानाक्षेत्र के चंदनखेड़ा में सोमवार शाम संदिग्ध हालात में महिला की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवती के पिता ने पति समेत चार लोगों पर जहर देकर मार डालने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मांखी के चंदनखेड़ा गांव निवासी प्रियंका (22) पत्नी रामकुमार की सोमवार शाम घर में हालत बिगड़ गई थी। उल्टियां होने पर परिजनों ने पहले गांव में उपचार कराया। जिला अस्पताल में प्रियंका को डाक्टर गौरव अग्रवाल ने मृत घोषित कर दिया। संदिग्ध मौत पर डाक्टर ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सिंघूपुर निवासी पिता रज्जन लाल ने बताया कि 6 जुलाई 2018 को बेटी प्रियंका की शादी हुई थी। वह चार दिन पूर्व ही मायके से ससुराल आई थी। पिता ने पति रामकुमार, ससुर, ननद और एक अन्य रिश्तेदार पर मुकदमा दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष माखी दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि पिता की तहरीर पर चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
-पिता ने जहर देकर मार डालने का लगाया आरोप
-चार दिन पूर्व ही मायके से ससुराल आई थी