उन्नाव। शहर के कचहरी ओवरब्रिज पर शिव बरात देख रहे एक युवक को सिपाही ने इस बात पर पीट दिया क्योंकि युवक उसकी स्कूटी पर बैठ गया था। सिपाही द्वारा पिटाई करने के बाद क्षेत्रीय लोग भड़क उठे। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह मामले को शांत कराया।
शहर के धवनरोड निवासी सनत वर्मा सोमवार दोपहर अपनी स्कूटी से सिविल लाइंस से घर की ओर आ रहे थे। शिव बरात के तहत कचहरी ओवरब्रिज पर यातायात रोक दिया गया था। इससे सनत वर्मा ने कचहरी ओवरब्रिज पर स्कूटी खड़ी कर दी। सनत वर्मा के अनुसार वह शिव बरात देख रहे थे। इस दौरान वह दूसरी स्कूटी पर बैठ गया। इस बीच एक सिपाही मौके पर पहुंचा और उसने उसे धक्का देकर स्कूटी से उतार दिया।
उसने जब विरोध किया तो उसने उसे पीटना शुरू कर दिया। सनत के अनुसार वह धोखे से सिपाही की स्कूटी पर बैठ गया था। सिपाही द्वारा युवक की पिटाई करने पर क्षेत्रीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ने पर मौके पर तैनात रहे दरोगा राजबहादुर ने मामला शांत कराया। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि उन्हें मामले की सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।